अररिया में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी सड़क सिर्फ तीन दिन में ही खराब हो गई। मामला फारबिसगंज प्रखंड के खवासपुर बाजार का है। यहां हाल ही में बनी पीसीसी सड़क पर गड्ढे, जलजमाव और उखड़ती परतें लोगों की परेशानी बढ़ा रही हैं।
।
स्थानीय ग्रामीणों ने निर्माण में घटिया सामग्री के उपयोग और बरसात के मौसम में ढलाई किए जाने को जिम्मेदार ठहराया है। दीपक कुमार मंडल समेत कई ग्रामीणों ने बताया कि स्थानीय बालू और निम्न गुणवत्ता की गिट्टी के कारण सड़क दो दिन में ही उखड़ने लगी।
पीसीसी सड़क पर गड्ढे में जलजमाव से गाड़ियों से आने जाने वालों को परेशानी हो रही है।
जनहित याचिका तैयार, डीएम को सौंपने की तैयारी
बुधवार को ग्रामीणों ने बैठक कर एक जनहित याचिका तैयार की, जिसे जिला पदाधिकारी को सौंपने का फैसला लिया गया है। याचिका में उल्लेख है कि मुरब्बल्ला से फारबिसगंज तक बन रही इस सड़क का निर्माण ग्रामीण कार्य विभाग, फारबिसगंज की देखरेख में हो रहा है। लेकिन एक माह पहले बनी ढलाई भी अब दरक चुकी है।
सड़क पर बिखर रही गिट्टी, गड्ढों में भरा पानी
स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क पर गिट्टी बिखर रही है, और जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से पानी जमा हो रहा है। इससे आने-जाने में कठिनाई बढ़ गई है।
ग्रामीणों ने आंदोलन की दी चेतावनी
ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में ठेकेदार की लापरवाही और अधिकारियों की अनदेखी पर सख्त नाराजगी जताई है। उन्होंने सड़क की उच्चस्तरीय जांच, दोषियों पर कार्रवाई, और जल्द सुधार कार्य की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन किया जाएगा।
इस मामले पर फारबिसगंज ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता ने कहा कि सड़क की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।