आखरी अपडेट:
कटिहार नगर निगम ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए एक सराहनीय पहल की है. नगर निगम की ओर से कटिहार-मनिहारी मोड़ स्थित अस्थायी बस पड़ाव के समीप 25 बेड वाला निःशुल्क अस्थायी आश्रय स्थल शुरू किया गया है.
बिहार के साथ-साथ कटिहार में भी कड़ाके की ठंड ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है. शीतलहर और गिरते तापमान के बीच खासकर राहगीरों, यात्रियों और फुटपाथ पर रात बिताने को मजबूर लोगों के लिए हालात बेहद कठिन हो गए हैं. ऐसे समय में कटिहार नगर निगम ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए एक सराहनीय पहल की है. नगर निगम की ओर से कटिहार-मनिहारी मोड़ स्थित अस्थायी बस पड़ाव के समीप 25 बेड वाला निःशुल्क अस्थायी आश्रय स्थल शुरू किया गया है.
इस अस्थायी आश्रय स्थल को खासतौर पर राहगीरों, यात्रियों और असहाय लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है. यहां ठहरने वाले लोगों के लिए साफ-सुथरे बेड, गर्म रजाइयां और मच्छरदानी की व्यवस्था की गई है, ताकि उन्हें ठंड के साथ-साथ अन्य परेशानियों से भी राहत मिल सके. इसके अलावा शुद्ध पेयजल और शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिससे लोगों को बुनियादी जरूरतों के लिए भटकना न पड़े.सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आश्रय स्थल में सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं. पुरुष और महिला राहगीरों व यात्रियों के लिए अलग-अलग शेड का निर्माण कराया गया है, जिससे सभी लोग सुरक्षित और सहज महसूस कर सकें.
यात्रियों के लिए निःशुल्क अस्थायी आश्रय स्थल तैयार
नगर निगम की यह व्यवस्था न केवल सुविधा प्रदान करती है, बल्कि लोगों को सम्मानजनक और सुरक्षित वातावरण भी देती है. अस्थायी आश्रय स्थल के प्रभारी अजीत कुमार पांडे ने बताया कि यह सुविधा पूरी तरह निःशुल्क है. उन्होंने कहा कि इस आश्रय स्थल का उद्देश्य केवल यात्रियों तक सीमित नहीं है, बल्कि ऐसे लोग भी यहां ठहर सकते हैं जो इस भीषण ठंड में सड़क या फुटपाथ पर रात गुजारने को मजबूर हैं. नगर निगम की कोशिश है कि ठंड के कारण कोई भी व्यक्ति असहाय न महसूस करे.कुल मिलाकर, कटिहार नगर निगम की यह पहल कड़ाके की ठंड में जरूरतमंदों के लिए राहत की सांस लेकर आई है. मनिहारी मोड़ अस्थायी बस पड़ाव के पास बना आश्रय स्थल सुकून, सुरक्षा और संवेदनशील प्रशासन की मिसाल बनकर सामने आया है, जिसकी चारों ओर सराहना की जा रही है.