पूर्व नक्सली की गोली मारकर हत्या: जिस खेत को कब्जाया था, उसी खेत में मिली बॉडी; अपराधियों की तलाश में जुटी पुलिस – Gaya News

Spread the love share


गया जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र के जमुआंवा गांव में अपराधियों ने नक्सली संगठन से जुड़कर काम करने वाले की एक व्यक्ति को गोली मार कर हत्या कर दी है। मृतक की पहचान वजीरगंज थाना क्षेत्र के दमड़ी बिगहा निवासी रामविलास मांझी के रूप में हुई है।

हत्या की वारदात को अंजाम देकर अपराधी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। मौके पर वजीरगंज एसडीपीओ सुनील कुमार पांडे छानबीन कर रहे हैं।

घटना की सूचना दमड़ी गांव के लोगों ने थानाध्यक्ष वेंकटेश ओझा को दी। इसके बाद थानाध्यक्ष घटना स्थल पर पहुंचे। मामले की सूचना वरीय पुलिस पदाधिकारियों को दी। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वजीरगंज की अगुवाई में एक विशेष टीम का गठन किया गया। घटनास्थल पर FSL और तकनीकी टीम को भी जांच के लिए भेजा गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल हॉस्पिटल भेजा गया है।

हत्या के बाद मृतक के सिर को खंती से कुचल दिया।

पूर्व नक्सली चलाता था गिरोह

एसडीपीओ सुनील पांडे ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि मृतक रामविलास मांझी का संबंध पहले नक्सली संगठन से था। पुलिस के अनुसार, मांझी का हत्या, आर्म्स एक्ट और अन्य मामलों में लंबा आपराधिक इतिहास है। पुलिस वजीरगंज थाना में केस दर्ज कर रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि फिलहाल दो मामले की जानकारी मिली है। अन्य मामले की तलाश की जा रही है। मृतक का आपराधिक इतिहास वजीरगंज थाना कांड संख्या- 57/07, हत्या और आर्म्स एक्ट और दूसरा वजीरगंज थाना कांड संख्या- 68/08, आर्म्स एक्ट दर्ज है।

घटना रात 8 बजे के आसपास की बताई जा रही है। रामविलास पूर्व में नक्सली था। इन दिनों वह एक गिरोह चला रहा था। गिरोह मूल रूप से लूट की वारदात को अंजाम दिया करता था। सूत्रों का कहना है कि बीते एक महीने से गिरोह के सदस्यों के बीच लूट के सामान का बंटवारा को लेकर विवाद चल रहा था।

घटना की जानकारी मिलने के बाद घटनास्थल पर मौजूद पुलिस।

घटना की जानकारी मिलने के बाद घटनास्थल पर मौजूद पुलिस।

जिस जमीन को कब्जा किया उसी पर हत्या

एक माह पूर्व गिरोह के सदस्यों के साथ उसका हरि बिगहा गांव में पंगा भी हुआ था। हरि बिगहा वही गांव है जहां मारे गए नक्सली ने करीब दस वर्ष पूर्व एक दलित की हत्या कर दी थी और उसकी सारी जमीन व घर को कब्जा लिया था। मारा गया नक्सली कभी हरि बिगहा तो कभी दमड़ी बिगहा अपने मूल घर पर रहता था।

इस मामले में सबसे बड़ी बात यह है कि जिस जमीन को उसने कब्जा किया था। उसी खेत में अपराधियों ने उसकी गोली मार कर हत्या की है। यही नहीं हत्या के बाद उसके सिर को खंती से भी कूच दिया है। सूत्रों का कहना है कि रामविलास की हत्या गैंगवार में हुई है।



Source link


Spread the love share