आखरी अपडेट:
बिहार सरकार ने एक बार फिर प्रदेश की महिलाओं के खातों में 10-10 हजार रुपये की राशि भेजी है. आज 25 लाख महिलाओं के अकाउंट में मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत राशि भेजी गई. इसका लाभ आप भी उठा सकते हैं खबर में जानें कैंसे मिल सकता है योजना का लाभ.
बिहार में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत राज्य की 25 लाख महिलाओं को बड़ी आर्थिक सहायता दी गई. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रत्येक लाभुक महिला के खाते में 10-10 हजार रुपये की राशि हस्तांतरित की. इस तरह कुल 2500 करोड़ रुपये सीधे महिलाओं के खातों में भेजे गए. सरकार का दावा है कि इस पहल से महिलाओं की आजीविका गतिविधियों को मजबूती मिलेगी और वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकेंगी.

इस योजना का लाभ भोजपुर जिले की लगभग 4,15,375 महिलाओं को भी मिला. जिला मुख्यालय सहित सभी 14 प्रखंडों में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में जीविका समूह से जुड़ी महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. महिलाओं ने बताया कि इस राशि से छोटे व्यवसाय, स्वरोजगार और घरेलू आय बढ़ाने में उन्हें काफी मदद मिल रही है.

समाहरणालय सभागार, भोजपुर में आयोजित कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए राशि अंतरण की प्रक्रिया पूरी की गई. इस मौके पर उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि यह योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम है. जिला प्रशासन के अनुसार, आर्थिक सहायता मिलने से महिलाएं स्वरोजगार के नए अवसर तलाश रही हैं और परिवार की आय में योगदान दे रही हैं.
News18 को इस रूप में जोड़ें
Google पर पसंदीदा स्रोत

कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला परियोजना प्रबंधक सहित कई संबंधित अधिकारी मौजूद रहे. साथ ही करीब 150 जीविका दीदियों की सहभागिता ने कार्यक्रम को खास बना दिया. अधिकारियों ने बताया कि आने वाले समय में भी महिलाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार को बढ़ावा देने वाली योजनाओं को और विस्तार दिया जाएगा, ताकि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की महिलाएं आर्थिक रूप से और अधिक मजबूत बन सकें.

बिहार सरकार की मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत लाभार्थी महिलाएं ऑनलाइन आवेदन पत्र के माध्यम से 10,000 रुपये की वित्तीय सहायता के लिए आवेदन कर सकती हैं. योजना के आधिकारिक पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन पत्र उपलब्ध है. पोर्टल पर जाएं और ऑनलाइन आवेदन करें पर क्लिक करें. जिसके बाद मांगी गई जानकारी भरनी होगी. बता दें कि- सिर्फ जीविका दीदी योजना से जुड़ी महिलाओं को ही इसका लाभ मिल रहा है.

बता दें कि, सरकार ने घोषणा की है कि आने वाले समय में पात्र महिलाओं को 2 लाख तक की वित्तीय सहायता दी जाएगी. हालांकि, इस बड़ी राशि के वितरण से पहले पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सख्त भौतिक सत्यापन किया जाएगा. राज्य के 3,398 वार्डों में विशेष कर्मियों की तैनाती होगी, जो आवेदकों के दस्तावेजों और पात्रता की बारीकी से जांच करेंगे.