मधेपुरा के सदर प्रखंड के खोपैती गांव में शुक्रवार रात करीब तीन बजे भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने स्थानीय निवासी काजल कुमारी, सुदामा देवी और पुष्पा देवी के घरों को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में तीनों की लाखों रुपए की संपत्ति जलकर राख हो गई
।
ग्रामीणों ने जान जोखिम में डालकर बुझाई आग
आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के लोग दहशत में आ गए। गांववालों ने मिलकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक तीनों परिवारों का सब कुछ जल चुका था। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन तीनों परिवार अब बेघर हो गए हैं।
घरों के साथ जलीं जरूरी चीजें और नकदी
- काजल कुमारी के घर में रखा पलंग, कुर्सी, टेबल, गोदरेज, कपड़े, बर्तन, अनाज और ₹15,000 नकद जलकर नष्ट हो गया।
- सुदामा देवी के घर में रखे ₹25,000 नकद और अन्य घरेलू सामान राख हो गए।
- पुष्पा देवी को सबसे ज़्यादा नुकसान हुआ, जहां करीब ₹3.5 लाख की संपत्ति आग में स्वाहा हो गई, जिसमें ₹15,000 नकद भी शामिल है।
पीड़ितों ने मांगा मुआवजा
घटना की सूचना मिलते ही मुखिया प्रतिनिधि उमेश यादव मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों को तत्काल ₹5,000 की सहायता राशि प्रदान की। उन्होंने प्रशासन से त्वरित मुआवजे और पुनर्वास की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि पीड़ित परिवार पूरी तरह बेघर हो चुके हैं, ऐसे में प्रशासन को त्वरित मुआवजा और पुनर्वास की व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि उन्हें दोबारा जीवन शुरू करने में मदद मिल सके।
प्रशासन पहुंचा मौके पर, जांच शुरू
शनिवार की सुबह अंचल अधिकारी और बिजली विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची और आग लगने के कारणों की जांच शुरू की। पीड़ितों ने सरकारी सहायता के लिए आवेदन दिया है।

