दौलतपुर-मालीपुर मुख्य पथ पर पतला चौक के निकट एक बाइक दुर्घटना में 21 वर्षीय अंशू कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। उसके साथी विकास कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें बेगूसराय रेफर किया गया। पुलिस ने…
छौड़ाही,एक संवाददाता। दौलतपुर-मालीपुर मुख्य पथ पर पतला चौक के निकट रविवार की शाम बाइक सवार दो युवक दुर्घटना का शिकार हो गये। दुर्घटना में सावंत पंचायत की छौड़ाही वार्ड संख्या 10 निवासी जयराम महतो के 21 वर्षीय पुत्र अंशू कुमार की घटनास्थलपर ही मौत हो गई। जबकि बाइक सवार उसका साथी अशोक कुमार राय का 24 वर्षीय पुत्र विकास कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचित कर उसे प्राथमिक उपचार के लिए स्थानीय क्लिनिक में भर्ती कराया। घायल युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेगूसराय रेफर कर दिया गया। ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार बाइक सवार दोनों युवक छौड़ाही से दौलतपुर की ओर जा रहा था। इसी क्रम पतला चौक के समीप बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस दलबल के साथ घटनास्थल पर आकर मृत युवक के शव को अपने कब्जे में ले लिया। उधर, हादसे में बाइक सवार युवक की मौत की सूचना से मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। थानाध्यक्ष राजेश कुमार ठाकुर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय भेज दिया गया है।