सहरसा-मानसी रेलखंड के सोनबरसा कचहरी रेलवे स्टेशन के समीप बिशनपुर बलुआहा ढाला के पास एक वृद्ध का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव रेल पोल संख्या 34/9 के नजदीक रेल ट्रैक के किनारे पाया गया।
।
मृतक की पहचान सुपौल के छातापुर निवासी जगदेव डिलवार के रूप में हुई है। मृतक की उम्र लगभग 60 साल आंकी जा रही है। शव के गले पर तेज हथियार से वार के निशान मिले हैं।
मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की टीम को भी बुलाया गया। टीम घटनास्थल पर जांच कर रही है।
पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया शव
सोनवर्षा थानाध्यक्ष अंजली कुमार ने बताया कि शव को सदर अस्पताल भेजा गया है। मृतक की पहचान होने के बाद परिजनों को फोन पर सूचना दी गई है। लेकिन परिजन अब तक सहरसा नहीं पहुंचे हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला दुर्घटना का है या फिर किसी साजिश का हिस्सा। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।