आखरी अपडेट:
Motihari News: बिहार के मोतिहारी से हैरान करने वाली खबर सामने आई. यहां एक थार कार की डिग्गी से 5 करोड़ रुपये कीमत की अवैध ड्रग्स बरामद की गई. तस्करी का विदेशी कनेक्शन निकलकर सामने आया.
रिपोर्टः अवनीश कुमार सिंह
मोतिहारीः बिहार के मोतिहारी में पुलिस ने 5 करोड़ की तस्करी पकड़ ली. एक थार गाड़ी में चेकिंग के दौरान ड्रग्स बरामद हुई. गृहमंत्री सम्राट चौधरी के एक्शन मोड में आने के बाद मोतिहारी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने एक अंतरराष्ट्रीय और अंतरराज्यीय ड्रग्स गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए करीब 5 करोड़ रुपये मूल्य का चरस बरामद किया है. साथ ही नेपाल, उत्तर प्रदेश और राजस्थान से जुड़े कई बड़े ड्रग्स तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है.
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नेपाल से ड्रग्स की एक भारी खेप थार गाड़ी में भरकर राजस्थान भेजी जा रही है. इस वाहन में नेपाल, यूपी, राजस्थान और पूर्वी चंपारण के सक्रिय ड्रग्स तस्कर मौजूद थे. सूचना मिलते ही मोतिहारी एसपी स्वर्ण प्रभात ने रक्सौल एसडीपीओ मनीष आनंद की अगुआई में एक विशेष टीम गठित कर कार्रवाई का आदेश दिया. टीम ने घेराबंदी कर थार गाड़ी को रोका और उसकी डिक्की से करोड़ों रुपये की चरस बरामद कर ली.
तस्करों को किया गिरफ्तार
गिरफ्तार तस्करों में बंगाली वर्मा, अशोक अग्रवाल, विक्रम गोयल, मेघराज शाह, सुरजीत कुमार और कमलदेव राम शामिल हैं. इनमें मेघराज शाह नेपाल का कुख्यात ड्रग्स तस्कर बताया जा रहा है. पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मेघराज के नेपाल के कई शीर्ष पुलिस अधिकारियों से करीबी संबंध हैं, जिनके प्रमाण भी बरामद किए गए हैं. इससे तस्करी नेटवर्क के भीतर गहरी सांठगांठ और विदेशी कनेक्शन का बड़ा खुलासा हुआ है.
निकला नेपाल कनेक्शन
रक्सौल एसडीपीओ मनीष आनंद ने बताया कि यह गिरोह नेपाल, यूपी और राजस्थान में फैले एक बड़े नेटवर्क के जरिये ड्रग्स की सप्लाई करता था. बरामद चरस की मात्रा और तस्करों की संख्या से स्पष्ट है कि यह एक संगठित, अंतरराष्ट्रीय स्तर का रैकेट है. पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर रही है और नेपाल कनेक्शन की भी गहराई से जांच की जा रही है. पूर्वी चंपारण में हुई यह कार्रवाई राज्य सरकार की ड्रग्स माफिया के खिलाफ सख्ती की बड़ी सफलता मानी जा रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर इस रैकेट में शामिल सभी लोगों पर शिकंजा कसा जाएगा.
लेखक के बारे में

माखनलाल चतुर्वेदी यूनिवर्सिटी से स्नातकोत्तर किया. वर्तमान में न्यूज़18 हिंदी डिजिटल में कार्यरत. राजनीति, क्राइम से जुड़ी खबरें लिखने में रूचि.