पटनाः पटना के ज्वेलरी बाजार में इन दिनों सोना और चांदी की कीमतों ने आम लोगों के साथ-साथ कारोबारियों को भी हैरान कर दिया है. बीते कुछ दिनों से चांदी लगातार रिकॉर्ड तोड़ रही है लेकिन अब इसका असर सोने की कीमतों पर भी साफ तौर पर देखने को मिल रहा है.
सोना में 10,000 तो चांदी में 14,000 की तेजी
पाटलिपुत्र सर्राफा संघ से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, आज सोने की कीमत में करीब₹10,000 प्रति 10 ग्राम की भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है. इससे पहले सोने के दाम धीमी रफ्तार से बढ़ रहे थे, लेकिन एक दिन में इतनी बड़ी बढ़ोतरी को बाजार एक्सपर्ट बहुत तेज उछाल मान रहे हैं. वहीं, चांदी की बात करें तो इसमें भी तेजी थमने का नाम नहीं ले रही है. चांदी एक ही दिन में ₹14,000 प्रति किलो महंगी हो गई है. लगातार नए रिकॉर्ड बनाती चांदी अब आम ग्राहकों की पहुंच से बाहर होती नजर आ रही है.
ज्वेलरी कारोबारियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में उतार-चढ़ाव, निवेशकों की बढ़ती दिलचस्पी और इंडस्ट्रियल मांग के चलते कीमती धातुओं की कीमतों में यह तेजी देखने को मिल रही है. इसका सीधा असर शादी-विवाह की खरीदारी पर पड़ रहा है. ग्राहक अब लाइट वेट गहनों को प्राथमिकता दे रहे हैं. बाजार जानकारों का मानना है कि अगर यही रुख जारी रहा तो आने वाले दिनों में कीमतें और ऊपर जा सकती हैं. इससे सोना-चांदी पूरी तरह आम लोगों के बजट से बाहर हो जाएगी.
आज किस रेट में हो रही है बिक्री
आज पटना के ज्वेलरी बाजार में 24 कैरेट सोने का दाम 1,47,000 रूपये से बढ़कर 1,56,500 रूपये प्रति 10 ग्राम है. अगर जीएसटी जोड़ दिया जाए तो इसकी कीमत 1,61,195 रूपये प्रति 10 ग्राम हो जाती है. बिना जीएसटी जोड़े 22 कैरेट सोना 1,45,500 रूपये प्रति 10 ग्राम और 18 कैरेट सोना 1,20,000 रूपये प्रति 10 ग्राम बिक रहा है.
चांदी में फिर भारी वृद्धि
पटना के ज्वेलरी बाजार में एक किलो चांदी की बिक्री 3,09,200 रूपये से बढ़कर 3,26,500 रूपये हो रही है. जीएसटी जोड़ने पर इसकी कीमत 3,36,295 रूपये प्रति किलो हो जाती है. इस तरह, एक किलो हॉल मार्क वाले चांदी के आभूषणों की बिक्री 3,17,000 रूपये प्रति किलो हो रही है. अगर जीएसटी जोड़ दिया जाए तो इसकी कीमत 3,26,510 रूपये हो जाती है.
आभूषणों का एक्सचेंज रेट क्या है?
22 कैरेट वाले सोने के पुराने आभूषणों का एक्सचेंज रेट 1,40,000 रूपये है जबकि 18 कैरेट सोने के पुराने आभूषण 1,15,500 रूपये में एक्सचेंज हो रहे हैं. चांदी में हॉलमार्क आभूषणों का एक्सचेंज रेट 308 रूपये प्रति ग्राम जबकि बिना हॉलमार्क वाले आभूषणों का एक्सचेंज रेट 260 रूपये प्रति ग्राम है.