Bihar News Live Today: CM नीतीश की समृद्धि यात्रा का दूसरा दिन, विराट रामायण मंदिर पहुंचे, पटना में RJD की मीटिंग

Spread the love share


बिहार न्यूज़ लाइव टुडे: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ‘समृद्धि यात्रा’ का आज दूसरा दिन है. शनिवार को सीएम नीतीश पूर्वी चंपारण में रहेंगे. इस दौरान वो सबसे पहले कल्याणपुर प्रखंड के कैथवलिया स्थित जानकी नगर में बन रहे विराट रामायण मंदिर पहुंचेंगे. यहीं से उनकी यात्रा शुरू होगी. उधर, पटना में बीते दिनों नीट की तैयारी करने वाली छात्रा की मौत के मामले में बड़ा अपडेट सामने आया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसके शरीर पर नाखून से खरोचने और चोट के निशान पाए गए. यौन हिंसा की आशंका जताई गई. आरोप है कि उसके साथ गैंगरेप किया गया. बिहार के ताजा समाचार यहां पढ़ें…

  • दरभंगा में मजार की चादर में आग लगी

दरभंगा से बड़ी खबर सामने आ रही है. जहां हजरत शाहिद बाबा की मजार में आग लगने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया. घटना की जानकारी मिलते ही सदर अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार और सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजीव कुमार मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया. मजार परिसर में जली हुई चादर समेत अन्य संदिग्ध स्थानों की फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम गहन जांच में जुट गई है. आग लगने के कारणों का वैज्ञानिक तरीके से पता लगाया जा रहा है, ताकि सच्चाई सामने आ सके.

पीएम मोदी पहुंचे पूर्णिया एयरपोर्ट, मालदा के लिए रवाना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विशेष विमान से पूर्णिया एयरपोर्ट पहुंचे. यह उनका ट्रांजिट विजिट था, जिसके दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे. एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री का स्वागत उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने किया और उनसे संक्षिप्त मुलाकात भी हुई. इसके बाद प्रधानमंत्री एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर के जरिए पश्चिम बंगाल के मालदा के लिए रवाना हो गए. पीएम के आगमन और प्रस्थान को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में रहा. एयरपोर्ट परिसर और आसपास के इलाकों में भारी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी.

  • मोतिहारी में सीएम नीतीश की समृद्धि यात्रा, महिला आईटीआई में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का उद्घाटन

मोतिहारी में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा के तहत बड़ा कार्यक्रम होने जा रहा है. सीएम कुछ ही देर में महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) पहुंचेंगे, जहां वे आधुनिक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का उद्घाटन और निरीक्षण करेंगे. यह केंद्र मॉडर्न तकनीकी प्रशिक्षण का हब होगा, जहां वेल्डिंग, इलेक्ट्रिशियन, सिलाई-कढ़ाई और डिजिटल स्किल्स जैसे कोर्स कराए जाएंगे. इसका उद्देश्य खासकर युवतियों को रोजगार के लिए तैयार करना और स्वरोजगार को बढ़ावा देना है. यहां 20 आधुनिक लैब बनेंगी और हर साल 500 से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण मिलेगा.

  • आराः पिकअप-टेंपू की जोरदार टक्कर, टीचर की मौत

आरा के तरारी प्रखंड अंतर्गत सिकरहटा थाना क्षेत्र के सिकरौल पेट्रोल पंप के पास शनिवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 35 वर्षीय शिक्षिका रौशन जहां की मौके पर ही मौत हो गई. हादसा तेज रफ्तार पिकअप से अचानक अलग हुई मिक्चर मशीन के सामने से आ रहे टेम्पू से टकराने के कारण हुआ. टक्कर इतनी भीषण थी कि टेम्पू पलट गया और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें एक सरपंच भी शामिल हैं. मृतका रौशन जहां दानापुर में शिक्षिका थीं और मां के साथ बच्चों को पोलियो की सुई दिलाने जा रही थीं.

  • पटना में राजद की बड़ी बैठक

पटना में राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) की बैठक बुलाई गई. तेजस्वी यादव के आवास पर होने वाली इस बैठक में सभी नेताओं को बुलाया गया है. कई बड़े राजद नेता उनके आवास पर पहुंच रहे हैं. साथ ही राजद से सभी विधायकों का भी तेजस्वी के आवास पर पहुंचने का सिलसिला जारी है.

  • दरभंगा में RSS का हिंदू सम्मेलन

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष कार्यक्रम के तहत विराट हिंदू सम्मेलन एवं शताब्दी वर्ष संगोष्ठी का भव्य आयोजन किया गया. यह कार्यक्रम तारडीह प्रखंड के जगदीशनारायण ब्रह्मचर्य आश्रम, लगमा में आयोजित हो रहा है. सम्मेलन में आरएसएस के सरकार्यवाह मा० दत्तात्रेय होसबोले मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए. कार्यक्रम का आगाज उन्होंने दीप प्रज्वलित कर किया. इस अवसर पर संघ के शताब्दी वर्ष की उपलब्धियों, विचारधारा और समाज में संघ की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई. बड़ी संख्या में स्वयंसेवक और श्रद्धालु कार्यक्रम में उपस्थित रहे.

  • मुजफ्फरपुर में दो गुटों के बीच पुराने विवाद में चली गोली, एक युवक घायल

मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र के जियालाल चौक के समीप देर शाम एक बड़ी घटना हुई. दो गुटों के बीच पुराने आपसी विवाद के चलते गोलीबारी हो गई, जिसमें एक युवक को गोली लग गई. घायल युवक की पहचान सुबोध कुमार के रूप में हुई है. गोली उनके पैर में लगी है. घायल को तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है. उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार, यह विवाद वर्ष 2023 से दोनों गुटों के बीच चल रहा था. आज शाम यह विवाद इतना बढ़ गया कि दूसरे गुट के लोगों ने सुबोध कुमार पर फायरिंग कर दी. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है. अहियापुर थाना पुलिस आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया है.

  • पटना सिटी की प्लास्टिक फैक्ट्री में भीषण आग

पटना सिटी के बाईपास थानाक्षेत्र के NH 30 कर्मली चक स्थित एक प्लास्टिक फैक्ट्री में भीषण आग लग जाने से आसपास के इलाके में अफरा तफरी मच गई. स्थानीय लोगों द्वारा घटना की जानकारी पुलिस और फायर ब्रिगेड को दिए जाने के बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया. इस दौरान पांच फायर स्टेशनों की 20 से अधिक दमकल की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया. आग की भयावहता को देखते हुए फायर ब्रिगेड के जवानों ने हाइड्रोलिक मशीन की मदद से आग पर काबू पा लिया. आग लगी की घटना में 40 से 50 लाख की संपत्ति का नुकसान बताया जाता है, हालांकि नुकसान हुए संपत्ति का बाद में आकलन किया जाएगा. बताया जाता है कि विश्वकर्मा इंडस्ट्रीज नामक इस प्लास्टिक फैक्ट्री में कुर्सियों का निर्माण किया जाता था. प्लास्टिक फैक्ट्री में दर्जनों मजदूर काम करते थे, गनीमत रही कि आग लगने की इस घटना में कोई भी हताहत नहीं हुआ.

  • भोजपुर पुलिस ने 5 अपराधियों को पकड़ा

भोजपुर पुलिस को अपराध पर अंकुश लगाने में एक बार फिर बड़ी सफलता हाथ लगी है. नारायणपुर थाना क्षेत्र में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे पांच अपराधियों को पुलिस ने अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई है. भोजपुर एसपी मिस्टर राज ने बताया कि नारायणपुर थाना कांड संख्या 06/26 के तहत तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है. इनके पास से एक देशी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है. गिरफ्तार आरोपियों में रंजीत कुमार गोस्वामी (निवासी तारमठियां, अगियांव बाजार), रिशु कुमार (निवासी अनाइठ, आरा नवादा) और गोविन्द कुमार (निवासी हथेलीपुर मठियां, डुमरांव, बक्सर) शामिल हैं.

  • सीवान में 50 लाख की शराब पकड़ी गई

सीवान में उत्पाद विभाग के टीम ने शराब की बड़ी खेप को जब्त किया. करीब 50 लाख मूल्य की विदेशी शराब पकड़ी गई. ये शराब की बड़ी खेप शराब माफिया द्वारा ट्रक से लाई जा रही थी. बिहार यूपी बॉर्डर के रास्ते सीवान में प्रवेश की थी जिसे गुप्त सूचना पर उत्पाद विभाग की टीम ने शराब से लदी ट्रक को जब्त कर लिया. धरनी छापर चेक पोस्ट के आगे उत्पाद विभाग की टीम ने कार्रवाई की. इसमें करीब 1000 से अधिक शराब की कार्टून है इसका मूल्य करीब 50 लाख रुपए आंका गया. उत्पाद अधीक्षक शशांक ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि शराब की बड़ी खेत ट्रक द्वारा लाई जा रही है.

  • नीट छात्रा दुष्कर्म कांड से जुड़ा बड़ा अपडेट

पटना के नीट छात्रा दुष्कर्म कांड में गिरफ्तार मनीष रंजन को लेकर नए खुलासे सामने आए हैं. मनीष रंजन जहानाबाद जिले के मखदुमपुर प्रखंड अंतर्गत जगपुरा पंचायत का रहने वाला है और शंभू गर्ल्स हॉस्टल का मकान मालिक बताया जा रहा है. सूत्रों के मुताबिक वह इस बार मुखिया चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा था. बताया जा रहा है कि चुनाव लड़ने के लिए उसे हॉस्टल संचालक श्रवण अग्रवाल का आर्थिक समर्थन हासिल था और दोनों के बीच गहरी दोस्ती थी. सूत्रों का यह भी कहना है कि मामले में जल्द ही हॉस्टल संचालक श्रवण अग्रवाल की गिरफ्तारी हो सकती है.



Source link


Spread the love share