पटना. राजधानी पटना सहित बिहार के सभी जिले इन दिनों हॉट डे की चपेट में है. दिनभर तेज धूप से घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है. शनिवार को तो 14 जिलों का अधिकतम तापमान 40°C के पार रिकॉर्ड किया गया. इसके साथ ही पूरे बिहार का मौसम बेहद गर्म बना रहा. हालांकि रात होते ही कुछ जिलों में मध्यम स्तर की बारिश रिकॉर्ड की गई है. इसमें गया, नवादा, जमुई, औरंगाबाद, रोहतास और अरवल शामिल है.
इन जिलों में मध्यम स्तर की वर्षा रिकॉर्ड हुई. साथ ही मेघगर्जन और बिजली भी चमकती रही. इस दौरान हवा की गति 40 से 50 किमी प्रति घंटे रही. मौसम विज्ञान केंद्र ने आज यानी रविवार को बिहार के 09 जिलों में भीषण लू जबकि शेष जिलों में हॉट डे जैसी स्थिति रहने की संभावना जताई है.
आज इन जिलों में चलेगी लू
आईएमडी, पटना के निदेशक आशीष कुमार के अनुसार गोपालगंज, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढी, मधुबनी, सुपौल, पूर्णिया, जमुई और बांका जिलों में लू चलने की संभावना है. इसके अलावा राज्य के दक्षिण-पश्चिम, दक्षिण-मध्य और सीवान, सारण, शिवहर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, दरभंगा, समस्तीपुर, मुंगेर, खगड़िया, भागलपुर, सहरसा, मधेपुरा जिलों में गर्म और आर्द्र दिन रहने की संभावना है. आसमान बिल्कुल साफ रहेगा. गर्म हवा चलती रहेगी. वहीं कैमूर (भभुआ), रोहतास, बक्सर, भोजपुर, पटना, जहानाबाद, अरवल, औरंगाबाद, गया, नवादा, नालंदा, शेखपुरा, बेगुसराय, लखीसराय, जमुई, मुंगेर और बांका जिलों के भागों में “हॉट नाइट” रहने की संभावना है. इस दौरान राज्य के अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान 38-42°C के बीच बने रहने की संभावना है. रोहतास, औरंगाबाद और गया में हल्की बारिश की भी स्थिति बन सकती है.
14 जिलों का तापमान 40°c के पार
बिहार में भीषण गर्मी का कहर जारी है. राज्य के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया. शनिवार को सबसे अधिक गर्मी गोपालगंज में रही. यहां का अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके बाद वाल्मीकि नगर में 42.0 डिग्री, पटना में 41.5 डिग्री, बक्सर में 41.4 डिग्री, और गया, डेहरी में 41.0 डिग्री तापमान रहा. शेखपुरा और बांका में 40.6 डिग्री, औरंगाबाद में 40.5 डिग्री, जबकि भागलपुर में 40.1 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया. वहीं दरभंगा, सुपौल, मोतीहारी और भोजपुर में तापमान 40.0 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया.
प्रमुख शहरों का तापमान और AQI
शहर | अधिकतम तापमान | न्यूनतम तापमान | अकील |
पटना | 41.5 | 28.8 | 136 |
मुजफ्फरपुर | 38.3 | 28.5 | 73 |
गया | 41 | 27.5 | 85 |
पूर्णिया | 39.8 | 25.9 | 79 |
भागलपुर | 40.1 | 26.9 7 | 72 |
पश्चिम चंपारण | 42 | 23.2 | 77 |
डेहरी | 41 | 25.5 | 100 |