बक्सर के चौसा नगर पंचायत में कार्यपालक पदाधिकारी (EO) स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। वर्तमान EO शुभम कुमार का तबादला कर उन्हें बिहिया नगर पंचायत भेजा गया है, जबकि बक्सर नगर परिषद के EO मनीष कुमार को चौसा नगर पंचायत का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया
।
जानकारी के अनुसार, शुभम कुमार बी.एन. (बिहार नगर सेवा) के अधिकारी हैं और नालंदा जिले के निवासी हैं। चौसा नगर पंचायत में उनके कार्यकाल के दौरान कई महत्वपूर्ण विकास कार्य आरंभ किए गए। अब उनका स्थानांतरण भोजपुर जिले की बिहिया नगर पंचायत में EO के रूप में किया गया है, जहां वे अपनी नई जिम्मेदारी संभालेंगे।
EO के पद पर थे कार्यरत
चौसा नगर पंचायत की जिम्मेदारी अब मनीष कुमार को सौंपी गई है, जो वर्तमान में बक्सर नगर परिषद के EO हैं। मूल रूप से वैशाली जिले के निवासी मनीष कुमार इससे पूर्व डुमरांव नगर परिषद में EO के पद पर कार्यरत थे। वहां से उनका तबादला बक्सर नगर परिषद में किया गया और अब उन्हें चौसा का भी अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
मनीष कुमार को एक कर्मठ और नवाचारप्रिय अधिकारी के रूप में जाना जाता है। डुमरांव और बक्सर में उनके कार्यकाल के दौरान नगर निकायों के कई कार्यों में पारदर्शिता और गति आई है। अब चौसा नगर पंचायत के विकास कार्यों और योजनाओं की निगरानी की जिम्मेदारी भी उन्हीं के कंधों पर आ गई है। उम्मीद जताई जा रही है कि वे अपनी पूर्व कार्यशैली के अनुरूप चौसा में भी विकास को गति देंगे।
प्रशासनिक स्तर पर इस बदलाव को सामान्य प्रक्रिया बताया गया है। लेकिन इससे नगर पंचायत की योजनाओं की दिशा और प्राथमिकताओं में कुछ बदलाव संभव हैं। नगरवासियों को अब EO मनीष कुमार से नई अपेक्षाएं हैं कि वे विकास कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करें।