Heavy Rain Warning: 6,7,8,9,10,11 अगस्त को भारी से बहुत भारी बारिश, मौसम का रौद्र रूप, कई राज्यों में हाई अलर्ट

Spread the love share


भारी बारिश की चेतावनी: देश के कई राज्यों में मानसून का रौद्र रूप दिख रहा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जाहिर किया है. अलग-अलग राज्यों में 6 से लेकर 11 अगस्त तक भारी से अति भारी बारिश की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले 3 दिनों के दौरान हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में भयंकर बारिश की संभावना है. वहीं अगले 5 दिनों के दौरान तमिलनाडु और केरल में भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है. 6 अगस्त को केरल में कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश का पूर्वानुमान है. अगले 7 दिनों के दौरान पूर्वोत्तर और आसपास के पूर्वी भारत में भारी से बहुत भारी बरसात जारी रहने की संभावना है.

यूपी और उत्तराखंड समेत उत्तर-पश्चिम भारत में भारी बारिश (Heavy Rain Alert)

मौसम विभाग का अनुमान है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में कुछ स्थानों पर आगामी दिनों में अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है. 6 से 11 अगस्त के दौरान उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. अगले 7 दिनों के दौरान पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और मैदानी इलाकों में कुछ स्थानों पर गरज और बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.

असम-मेघालय समेत पूर्वोत्तर भारत में गरज चमक के साथ बारिश (Rain Warning)

IMD के मुताबिक 6 से 11 अगस्त के दौरान अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिज़ोरम और त्रिपुरा में गरज, बिजली और कई स्थानों पर बारिश का दौर जारी रह सकता है. कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश की भी संभावना है. 7 से 11 अगस्त के दौरान अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय और 7 और 8 अगस्त को नागालैंड में कुछ स्थानों पर अति भारी बारिश होने की संभावना है.

बंगाल-बिहार समेत पूर्वी एवं मध्य भारत में बरसात

मौसम विभाग के मुताबिक 6 से 11 अगस्त के बीच उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, बिहार में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है. 6 से 8 अगस्त के दौरान ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड, मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों पर बहुत भारी बारिश की संभावना है. आईएमडी के मुताबिक अगले 5 दिनों के दौरान इन क्षेत्र में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ बिजली गिरने की भी संभावना है.

पश्चिम भारत में जारी रहेगा बारिश का दौर

मौसम विभाग के मुताबिक 6 से 7 अगस्त के दौरान मराठवाड़ा, गोवा, कोंकण, मध्य महाराष्ट्र में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना है. आईएमडी के मुताबिक अगले 5 से 6 दिनों के दौरान इन जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है.

दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत अत्यधिक भारी बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक 6 अगस्त को केरल के उत्तरी भाग और तमिलनाडु के घाट क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है. 6 से 8 अगस्त के दौरान तमिलनाडु, केरल और माहे, कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, तेलंगाना, रायलसीमा में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले 2 दिनों के दौरान दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में तेज हवाएं भी चल सकती है.



Source link


Spread the love share