मृतका के बेटे ने बताया कि डॉक्टर खुद नहीं आकर इलाज करने के लि टेंट हाउस में काम करने वाले एक कर्मी रोहित उर्फ भुलन को उसके घर भेज दिया। उसने बिना सोचे-समझे उसकी मां को तीन इंजेक्शन लगा दिए। उसी समय उसकी मां के मुंह से झाग आ गया और पूरा शरीर काला पड़ गया। इसके बाद वह बेहोश हो गई।
बिहार के मुजफ्फरपुर में एक निजी नर्सिंग होम की करतूत सामने आई है। डॉक्टर ने टेंट कर्मी से महिला को सूई दिलवा दी जिससे उसकी मौत हो गई। बरौना गांव निवासी महिला के पुत्र अजय कुमार सिंह ने यह आरोप लगाते हुए गुरुवार को डॉक्टर के खिलाफ करजा थाने में केस कराया है। मामला करजा थाना क्षेत्र के बड़कागांव स्थित एक नर्सिंग होम का है। डॉक्टर पर महिला के इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया गया है। पुलिस इस मामले में कार्रवाई कर रही है।
अजय ने पुलिस को बताया कि उसकी मां सुनैना देवी को बीते 25 सितंबर को बुखार हुआ था। उस वक्त वह बेंगलुरू में था। वहीं से बड़कागांव के निजी नर्सिंग होम के डॉक्टर को फोन कर मां के इलाज के लिए बोला। वह इलाज करने के लिए खुद नहीं जाकर टेंट हाउस में काम करने वाले एक कर्मी रोहित उर्फ भुलन को उसके घर भेज दिया। उसने बिना सोचे-समझे उसकी मां को तीन इंजेक्शन लगा दिए। उसी समय उसकी मां के मुंह से झाग आ गया और पूरा शरीर काला पड़ गया। इसके बाद वह बेहोश हो गई।
इसकी जानकारी होने पर जब उसने डॉक्टर को फोन कर इस बारे में बताया तो उसने अपने कर्मी को वहां से भगा दिया। कुछ देर के बाद उसकी मां की मौत हो गई। डॉक्टर को मौत की जानकारी दी तो उसने अपनी गलती स्वीकार करते हुए बोला कि घर आओ मुआवजा दिया जाएगा। दाह संस्कार के बाद जब वह डॉक्टर के पास पहुंचा तो उसने कहा कि जहां जाना है जाओ अब तुम कुछ नहीं कर सकते। उसने मुआवजा देने से भी इनकार कर दिया। मामले में करजा थानाध्यक्ष बीरबल कुशवाहा ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के पास मामला पहुंच जाने के बाद से डॉक्टर नहीं दिख रहे हैं।