परिजनों ने अस्पताल पर जमकर हंगामा किया।
खगड़िया जिले के चौथम सीएचसी में एक महिला की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया। मृतका की पहचान चौथम थाना क्षेत्र के मरांच गांव निवासी श्रवण सिंह की पत्नी ललिता देवी के रूप में हुई है।
।
घटना गुरुवार की है जब धान रोपनी के दौरान ललिता देवी को सांप ने काट लिया। परिजन तुरंत उसे इलाज के लिए चौथम सीएचसी लेकर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि सीएचसी प्रभारी डॉ अनिल कुमार ड्यूटी पर होने के बावजूद काफी आग्रह करने पर भी महिला का इलाज नहीं किया और उसे रेफर कर दिया।
इसके बाद महिला को सदर अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई। गुस्साए परिजन शाम करीब नौ बजे महिला के शव को लेकर चौथम सीएचसी पहुंचे और अस्पताल परिसर में शव रखकर हंगामा करने लगे। वे डॉ अनिल कुमार पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
सूचना मिलने पर चौथम थानाध्यक्ष अजीत कुमार और प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि चंदन सिंह मौके पर पहुंचे। उनके समझाने पर हंगामा शांत हुआ। परिजनों ने सीएचसी प्रभारी के खिलाफ थाने में आवेदन भी दिया है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।