जमशेदपुर में चलती स्कूटी पर युवक पर चापड़ से हमला: युवक गंभीर रूप से घायल, दो साल पुराने विवाद का मामला; घर लौटते वक्त हुई घटना – Jamshedpur (East Singhbhum) News

Spread the love share



हमले में फरदीन का चेहरा बुरी तरह से जख्मी हो गया। (फाइल)

जमशेदपुर में शनिवार दोपहर कपाली थाना क्षेत्र के डुमरी पुल के पास एक चलती स्कूटी पर युवक पर हमला कर दिया गया। स्कूटी सवार 26 वर्षीय फरदीन खान, जो मानगो रोड नंबर एक का निवासी है, अपने दोस्त तौसिफ आलम के साथ साकची से चिकन पहुंचाकर घर लौट रहा था।

इसी दौरान बाइक पर सवार बदमाशों ने फरदीन पर चापड़ से हमला कर दिया। हमले में फरदीन का चेहरा बुरी तरह से जख्मी हो गया। उसकी हालत गंभीर है। उसे पहले ब्रह्मानंद अस्पताल ले जाया गया। वहां से उसे टीएमएच रेफर कर दिया गया।

हमले से इलाके में दहशत का माहौल

हमला करने वाले युवक फरदीन का पीछा करते हुए टीएमएच तक भी पहुंच गए, पर वे वहां से भाग निकले। इस हमले से इलाके में दहशत का माहौल है।

फरदीन के परिजनों ने गोलमुरी के रहने वाले राजा और फरहान पर हमले का आरोप लगाया है। परिजनों के अनुसार, दो साल पहले कॉलेज में किसी बात को लेकर फरदीन और राजा के बीच विवाद हुआ था। बाद में इसे सुलझा लिया गया था। इसके बावजूद इस तरह की घटना से परिजन स्तब्ध हैं।

मानगो पुल पर जाम के कारण फरदीन और तौसिफ डोबो पुल होते हुए घर लौट रहे थे। इसी रास्ते में डुमरी पुल के पास उन पर यह हमला किया गया। कपाली थाना प्रभारी धीरंजन कुमार ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि स्कूटी सवार युवक पर हमला हुआ है। घटना की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।



Source link


Spread the love share