जर्जर घर की दीवार गिरने से बुजुर्ग महिला की मौत: कुदाल से मिट्टी हटाकर बाहर निकाला गया शव, जबरा चौक जाते वक्त हुआ हादसा – Hazaribagh News

Spread the love share



हजारीबाग में दारू प्रखंड क्षेत्र के बड़ा इरगा गांव में देर शाम एक हादसे में 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मिट्टी की दीवार के नीचे दबकर मौत हो गई। मृतका की पहचान मुंदरी मसोमात (पति बाबूलाल राम) के रूप में हुई है।

घटना उस समय हुई, जब महिला अपने घर से जबरा चौक की ओर जा रही थी। रास्ते में एक जर्जर मिट्टी के मकान की दीवार अचानक भरभरा कर गिर पड़ी। दीवार की चपेट में आने से महिला के सिर में गहरी चोट लग गई और चेहरा एक तरफ से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मौके पर ही महिला की मृत्यु हो गई।

घर खाली पड़ा था

घटना के बाद आसपास के ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे। उन्होंने कुदाल से मिट्टी हटाकर महिला के शव को बाहर निकाला। यह जर्जर घर महावीर उर्फ कोल्हा पासवान का बताया जा रहा है। वे कई वर्षों से अपने परिवार के साथ बंगाल में रह रहे हैं। घर खाली पड़ा था।

ग्रामीणों के अनुसार, महावीर को कई बार चेतावनी दी गई थी कि उनका घर गिरने की कगार पर है। उन्हें इसे गिरवा देने की सलाह दी गई थी, लेकिन उन्होंने किसी की बात नहीं मानी। मृतका अपने पीछे पांच बेटे, दो बेटियां और नाती-पोतों से भरा परिवार छोड़ गई हैं।

मुआवजे की मांग की

घटना की सूचना मिलते ही प्रखंड विकास पदाधिकारी हारून रशीद, अंचलाधिकारी राम बालक कुमार, थाना प्रभारी इकबाल हुसैन और मुखिया अनीता देवी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मामले की जांच की और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।

पीड़ित परिवार ने बीडीओ और सीओ से मिलकर मुआवजे की मांग की है। प्रशासनिक अधिकारियों ने हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया है। गांव में शोक का माहौल है।



Source link


Spread the love share