दिल्ली और आसपास के इलाकों में सस्ते दाम में बिक रहे टमाटर, इन जगहों पर लगे NCCF के स्टॉल

Spread the love share


सब्जियों की बढ़ती कीमत और टमाटर के चढ़ते दाम से आम आदमी के पसीने छूट रहे हैं और वे रसोई के बजट पर राशनिंग करने को मजबूर हो रहे हैं. इसी बीच, केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय उपभोक्ता संघ (एनसीसीएफ) के जरिए दिल्ली और आसपास के इलाकों में सस्ते दरों पर टमाटर बेचने की घोषणा कर आम आदमी के पॉकेट पर पड़ने वाले बोझ में कुछ राहत दी है. सरकार ने एनसीसीएफ के माध्यम से 47 से 60 रुपये किलो के रियायती भाव पर बेचने की शुरुआत कर दी है.

न्यूनतम मुनाफे पर NCCF बेच रहा टमाटर

उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय का कहना है कि एनसीसीएफ 4 अगस्त से आजादपुर मंडी से टमाटर खरीद रहा है और न्यूनतम मुनाफे पर इन्हें बाजार में उतार रहा है. अब तक 27,300 किलो से ज्यादा टमाटर रियायती दामों पर बेचे जा चुके हैं. इन टमाटरों की बिक्री नेहरू प्लेस, उद्योग भवन, पटेल चौक और राजीव चौक पर स्थित आउटलेट्स से की जा रही है.

मोबाइल वैन और अस्थायी स्टॉल भी लगाए गए

इसके अलावा, शहर के कई इलाकों में मोबाइल वैन और अस्थायी स्टॉल भी लगाए गए हैं, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों तक यह सुविधा पहुंच सके. सरकार का कहना है कि इस पहल का मकसद उपभोक्ताओं को महंगाई से राहत देना है.

खुदरा बाजार में 110 तक पहुंची टमाटर की कीमत

बताते चलें कि खुदरा बाजार और रेहड़ियों पर टमाटर की कीमतें 100 पार कर चुकी हैं. बाजार में टमाटर की खुदरा कीमत 80 से 110 रुपये प्रतिकिलो है, जिसे खरीदने से पहले लोग एक बार जरूर सोच रहे हैं कि, क्या आज रसोई में टमाटर की जरूरत है. वहीं इन स्टॉल्स पर सस्ती कीमत पर बिक रही टमाटर के लिए लगी लंबी कतारों से यह स्पष्ट पता चल रहा है कि, फिलहाल टमाटर आम आदमी के बजट से बाहर है, इसलिए वे लाइनों में लग कर सस्ते टमाटर को खरीदने में जरा भी परेशान नहीं हो रहे.

अधिक बारिश से सब्जियों की कीमतों पर बुरा असर

गौरतलब है कि अधिक बारिश की वजह से टमाटर समेत कई सब्जियों की फसलों पर बुरा असर पड़ा है और अभी दिल्ली में जो टमाटर बिक रहा है वह दूसरे राज्यों से आ रहा है, इसलिए अभी मांग के अनुसार टमाटर की आवक नहीं है. ऊपर से दूसरे राज्यों से आने के कारण ट्रांसपोर्टेशन कॉस्ट भी अधिक पड़ रहा है जिस कारण टमाटर की कीमत लगातार चढ़ रही है. सब्जी विक्रेताओं की मानें तो अगले महीने से नई फसल बाजारों में आनी शुरू हो जाएगी, जिसके बाद टमाटर की कीमतों में गिरावट देखने को मिल सकती है.



Source link


Spread the love share