बिहार में सड़क हादसों की घटनाएं कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. बिहार के मधेपुरा जिले से शनिवार (17 जनवरी, 2026) की सुबह भी कोहरे और अत्यधिक तेज रफ्तार के कारण एक हृदय विदारक घटना सामने आई है. यहां हाइवा और एक कार की सीधी टक्कर में चार लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. घटना सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत बिजली कार्यालय (नेशनल हाईवे 106 पर) के समीप की है.
एनएच 106 पर तेज रफ्तार हाइवा और कार के बीच आमने-सामने की हुई टक्कर में चार युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. ये सभी कार में सवार थे. घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई. पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि तड़के चार युवक एक कार में सवार होकर मधेपुरा से कहीं जा रहे थे. इसी बीच जैसे ही कार बिजली विभाग के कार्यालय के समीप पहुंची, तभी विपरीत दिशा से आ रहे एक अनियंत्रित हाइवा ने कार को सामने से जोरदार टक्कर मार दी.
हाइवा के नीचे जा घुसा कार का अगला हिस्सा
स्थानीय लोगों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और हाइवा के नीचे जा घुसा. तेज आवाज सुनकर स्थानीय लोग सड़कों पर निकले और इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई. मधेपुरा नगर के थाना प्रभारी विमलेंदु कुमार ने बताया कि स्थानीय लोगों की सहायता से सभी शवों को बड़ी मुश्किल से कार से बाहर निकाला गया और अस्पताल भेजा गया.
घटना के बाद हाइवा और कार को किया जब्त
अस्पताल में चिकित्सकों ने सभी चार लोगों को मृत घोषित कर दिया. मृतक सभी मधेपुरा के ही रहने वाले बताए जाते हैं. थाना प्रभारी ने बताया कि घटना के बाद हाइवा चालक फरार बताया जा रहा है. हाइवा और कार को जब्त कर लिया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. उन्होंने बताया कि क्षेत्र में सुबह कोहरा था, संभवतः कोहरे के कारण दोनों चालक एक-दूसरे के वाहनों को नहीं देख सके और यह हादसा हुआ.