देवीलाल गुप्ता | संतकबीर नगर3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
मेंहदावल थाना क्षेत्र के सांडेकला गांव में शुक्रवार को खेत की जुताई के दौरान रोटावेटर में फंसकर एक नौ वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। सूचना मिलने पर मेंहदावल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गई।
मृतक बच्ची की पहचान महराजगंज जनपद के पनियरा थानाक्षेत्र के शीतलपुर गांव निवासी मोलहू गिरी की पुत्री बालपरी (9) के रूप में हुई है। बालपरी पिछले कुछ महीनों से मेंहदावल थानाक्षेत्र के सांडेकला गांव में अपने चाचा खदेरू गिरी के घर रह रही थी।

घटना शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे हुई, जब बालपरी खेत में लकड़ी इकट्ठा करने गई थी। उसी समय सेतवान मिश्र अपने ट्रैक्टर में लगे रोटावेटर से खेत की जुताई कर रहे थे। बालपरी पीछे से ट्रैक्टर में लगे रोटावेटर पर चढ़ने लगी।
इसी दौरान उसका दुपट्टा रोटावेटर में फंस गया, जिससे वह मशीन के नीचे चली गई। गले में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।
मेंहदावल पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर ट्रैक्टर को अपने कब्जे में ले लिया है। मेंहदावल एसओ सुरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।