एक्ट्रेस तानिया के पिता की फोटो और सीसीटीवी में गोली मारते में कैद हुए थे आरोपी। (फाइल शॉट)
पंजाबी फिल्मों की अभिनेत्री तानिया ने हाल ही में अपने पिता डॉ. अनिल जीत सिंह कंबोज पर हुए हमले के बाद अपने जज्बात साझा किए हैं। डॉ. कंबोज को इस साल जुलाई में मोगा जिले के कोट ईसे खां स्थित उनके क्लिनिक पर 2 व्यक्तियों द्वारा गोली मार दी गई थी।
।
पुलिस के अनुसार डॉ. कंबोज की छाती और बांह पर गोलियां लगी थीं। मोगा एसएसपी अजय गांधी ने बताया कि पुलिस अभी भी अपराध के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है। जांचकर्ताओं के मुताबिक हमलावर घटना को अंजाम देने के बाद एक मोटरसाइकिल पर फरार हो गए थे। यह भी सामने आया है कि हमलावर घटना से पहले क्लिनिक के आसपास घूमते देखे गए थे।
ये आरोपी सीसीटीवी में कैद हुए थे, जिन्होंने तानिया के पिता को गोली मारी थी।
एक्ट्रेस तानिया कंबोज ने साझा किया भावुक पोस्ट
अभिनेत्री तानिया ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट के जरिए हमले के बाद के 3 महीनों की चुनौतीपूर्ण और भावनात्मक यात्रा का विवरण दिया है। उन्होंने लिखा कि जिंदगी ने उन्हें ऐसे गलियारों से गुजारा जहां उन्होंने कभी सोचा भी नहीं था, जैसे कि आईसीयू, ओटी और वेटिंग रूम।
उन्होंने कहा- कैसे उनकी जिंदगी स्टूडियो लाइटों से आईसीयू तक बदल गई, और कैसे उन्होंने स्क्रिप्ट, लिपस्टिक शेड्स या कैमरों के बारे में बात करना बंद कर दिया, बल्कि ट्रेकियोस्टोमी, गट ब्लीड, टीएलसी काउंट्स और ब्लड यूनिट्स के बारे में बात करती थीं।

तानिया द्वारा शेयर की गई पोस्ट।
तानिया ने लिखा- सभी का साथ खड़े रहने के लिए धन्यवाद
तानिया ने कहा कि वह जिंदगी को किसी भी चीज से ज्यादा महत्व देती हैं और वह परमात्मा की शुक्रगुजार हैं जिसने उन्हें इस लड़ाई की जिम्मेदारी सौंपी, और इसका सामना करने के लिए उन्हें ताकत और सहायता भी दी।
तानिया ने अपनी पोस्ट के आखिर में कहा कि यात्रा अभी खत्म नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि इस मुश्किल समय में उनके परिवार के साथ खड़े रहने वाले हर एक का धन्यवाद। उन्होंने कहा कि उनकी दयालुता उनके दिल में हमेशा के लिए बस गई है। सभी के लिए अच्छे सेहत, प्यार और सकारात्मकता की कामना करती हूं, यह त्योहारों का मौसम सभी के जीवन में रोशनी लाए।

मरीज बनकर क्लिनिक में घुसे थे हमलावर
बता दें कि दो युवक 4 जुलाई को मरीज के रूप में डॉक्टर अनिल कंबोज के कोट ईसे खां स्थित क्लिनिक में दाखिल हुए थे। कुछ देर बातचीत के बाद उन्होंने अचानक रिवॉल्वर निकालकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। लगभग पांच गोलियां चलाने के बाद दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल डॉ. कंबोज को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया था।