बागपत शहर कोतवाली क्षेत्र के बाघु गांव में एक बिटोरा (उपलों का ढेर) में एक महिला का जला हुआ शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, रात में जब किसान अपने खेतों से घर लौटे तो सब कुछ सामान्य था। हालांकि, रात के समय अचानक बिटोरा में आग लग गई। सुबह जब किसान खेतों में काम करने पहुंचे तो उन्होंने जली हुई अवस्था में एक महिला का शव देखा। किसान नेता जगत सिंह ने बताया कि रात में उनके खेत में बने बिटोरा में आग लगने की सूचना मिली थी। सुबह जब वे खेत पहुंचे तो उन्हें एक जला हुआ शव दिखाई दिया। पहले उन्हें लगा कि यह किसी जानवर का शव है, लेकिन पास जाकर देखने पर एक सैंडल पड़ा मिला, जिससे यह महिला का शव होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जले हुए शव को बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने की बात कह रही है।
Source link