मथुरा में पुलिस का बदमाश से पीछा: पुलिस की दो गोली भी न रोक सकीं बदमाश को, हाईवे पर बाइक छोड़कर भागा, सर्च ऑपरेशन जारी – Mathura News

Spread the love share




मथुरा में रविवार दोपहर रिफाइनरी और फरह थाना पुलिस ने एक बदमाश का पीछा किया। बदमाश पुलिस को चकमा देकर खेतों के रास्ते फरार हो गया। पुलिस ने मौके से उसकी अपाचे बाइक और जूते बरामद किए हैं। क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान जारी है। रिफाइनरी थाना प्रभारी अजय कौशल अपनी टीम के साथ रविवार दोपहर क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक संदिग्ध युवक अपाचे बाइक पर आता दिखा। पुलिस ने रोकने का इशारा किया तो बाइक सवार ने गति बढ़ा दी और भागने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा शुरू किया। बदमाश फरह की ओर भाग रहा था, जिसकी सूचना तुरंत फरह थाना पुलिस को दी गई। दोनों थानों की पुलिस द्वारा पीछा किए जाने पर बदमाश आगरा-दिल्ली नेशनल हाईवे पर फरह थाना क्षेत्र में कल्पतरू बिल्डिंग के पास पहुंचा। यहां उसने अपनी बाइक और जूते छोड़कर पास के खेतों में घुसकर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने खेतों में घेराबंदी कर पीछा किया। थाना प्रभारी के अनुसार, बदमाश को रोकने के लिए पुलिस ने दो राउंड फायरिंग भी की, लेकिन दूरी अधिक होने के कारण वह फरार हो गया। फायरिंग की आवाज सुनकर हाईवे और आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए, जिन्हें पुलिस ने समझा-बुझाकर शांत किया। थाना प्रभारी अजय कौशल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बदमाश के लूट व छिनैती जैसी घटनाओं को अंजाम देने की फिराक में होने की आशंका थी। बरामद अपाचे बाइक के आधार पर आरोपी को ट्रेस किया जा रहा है। पुलिस हाईवे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। पुलिस का दावा है कि बदमाश को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



Source link


Spread the love share